गरियाबंद

नवापारा के उपअभियंता ठगी के शिकार
21-Nov-2025 3:25 PM
नवापारा के उपअभियंता ठगी के शिकार

 फ र्जी ब्रोकर ने 9.75 लाख ठगे‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 21 नवंबर। नवापारा में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर से नुवामा फर्जी कंपनी के स्टॉक ब्रोकर ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 9.75 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की है। पीडि़त के शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा निवासी कृष्ण कुमार जगने वर्तमान में लोक निर्माण विभाग, सेतु उपसंभाग गरियाबंद में उपअभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने मामले की शिकायत थाना गोबरा नवापारा में दर्ज कराई है। पीडि़त के अनुसार उसके मोबाइल पर नुवामा स्टॉक ब्रोकर का फोन आया। आरोपी ने निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उनका खाता खुलवाया और 7 सितंबर 2025 से 30 सितंबर 2025 के बीच पीडि़त से विभिन्न माध्यमों यूपीआई ट्रांजैक्शन व बैंक खाते के जरिए 9,75,000 रुपये जमा कराए।

 

भुगतान के समय 4.81 सेवा शुल्क मांगे

बताया गया कि आरोपी ने दो नंबर ग्रुप एडवाइजर एवं ग्रुप एडमिनिस्ट्रेटर का उपयोग किया। निवेश के बाद जब लाभ के भुगतान राशि की बात आई, तो आरोपियों ने 4,81,412 रुपये सेवा शुल्क के रूप में मांगे। पीडि़त ने कहा कि सेवा शुल्क उनकी कमाई से काट लिया जाए, लेकिन अपराधियों ने रकम दिए बिना भुगतान न करने की धमकी दी।

संदेह होने पर पीडि़त ने सेबी से संपर्क किया, जहां उन्हें जानकारी मिली कि फर्म को फर्जी घोषित किया गया है और उन्हें राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 में शिकायत करने की सलाह दी गई। पीडि़त ने 1930 में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई है। पीडि़त द्वारा किए गए भुगतान कई यूपीआई आईडी और तमिलनाडु मर्चेंट बैंक लिमिटेड के खाते में भेजे गए थे। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट