गरियाबंद

नवापारा-राजिम, 15 मई। मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा महिला सेना अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस ने इसका विरोध किया है।
कांग्रेस नेता एवं अभनपुर जनपद के पूर्व सभापति टिकेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने देश की ऐसी महान बेटी का अपमान किया है, जिस पर पूरा देश गर्व करता है। मंत्री विजय शाह पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए।
देश की बहादुर बेटियों के लिए अपमानजनक, शर्मनाक और ओछी टिप्पणी करने वाला मंत्री पद पर रहने के लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि पहलगाम के आतंकवादी देश को बांटना चाहते थे, लेकिन आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरे ‘‘ऑपरेशन सिंदूर’’ के दौरान देश एकजुट था, लेकिन एमपी के मंत्री द्वारा महिला सैन्य अधिकारी पर की गई ओछी टिप्पणी युद्धकाल में सेना का मनोबल तोडऩे वाली है। ऐसे में विजय शाह को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए।