गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 13 मई। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ उपासना अभियान के तहत सोमवार को हजारों घरों में एक साथ हवन यज्ञ हुआ। यज्ञ के प्रचार प्रसार हेतु सप्ताह भर से नगर के सभी मंदिर के पुरोहितों को मंदिरों में यज्ञ करने के लिए मातृ शक्ति डॉ. उमा गुप्ता द्वारा यज्ञ के प्रभाव को विस्तार से बताया गया।
प्रचार प्रसार प्रभारी सम्पत साहू ने बताया कि राष्ट्र को समृद्ध और सशक्त बनाने के उद्देश्य से गायत्री परिवार संपूर्ण देश में बुद्ध पूर्णिमा पर एक साथ एक समय पर हवन यज्ञ संपन्न करा रहा है। यज्ञ की पूर्णाहुति से पूर्ण सैन्य शक्ति संवर्धन आहुति भी डाली जाएगी। जिससे देश की रक्षा हेतु सीमाओं पर डटे सैनिकों में शक्ति का संचार हो। उनमें शौर्य पराक्रम आत्मबल एवं देश की सुरक्षा का भाव सदा बना रहे। इसके लिए मिशन के कार्यकर्ताओं को यज्ञ करने के लिए प्रशिक्षित भी किया गया।