गरियाबंद

माता राजिम और साहू समाज की प्रदेश और देश में एक विशेष पहचान- रोहित साहू
13-May-2025 3:22 PM
माता राजिम और साहू समाज की प्रदेश और देश में एक विशेष पहचान- रोहित साहू

साहू छात्रावास में भवन निर्माण के लिए 25 लाख की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 13 मई। साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति के तत्वावधान में रविवार को पथर्रा मार्ग में नवनिर्मित राजिम माता चौक का लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ।

 समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक रोहित साहू ने कहा कि आज मातृत्व दिवस है और इस शुभ अवसर पर साहू समाज के आराध्य देवी माता राजिम चौक का लोकार्पण हो रहा है। माता राजिम और साहू समाज की प्रदेश और देश में एक विशेष पहचान है। साहू समाज बाहुलयता के साथ ही संगठित समाज है। जिससे समाज की ताकत बढ़ी है।

उन्होंने आगे कहा कि समाज में एकता के कारण ही साहू समाज से 12 विधायक जीतकर विधानसभा में गये है। सरकार किसी की भी हो,जब समाज से जीत कर जाते हैं तो समाज को इसका फायदा मिलता है। 7 जनवरी राजिम माता जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह में पहुंचे थे, तब मैंने मांग किया था कि राजिम माता के नाम से विख्यात प्राचीन नगरी राजिम में भव्य राजिम माता की कांस्य प्रतिमा की स्थापना गौरव अनुरुप हो। जिसके लिए मुख्यमंत्री साय जी ने 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। जो एक वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा। यह विशाल प्रतिमा वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा। यह संगठित और बाहुल्य समाज की देन है। जब समाज से केंद्रीय मंत्री बना, तो माता कर्मा के नाम से डाक टिकट जारी हुआ। प्रधानमंत्री मोदी जी भी साहू समाज से है, जो हमारे समाज का गौरव है। श्री साहू ने राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू की निर्माण हेतु 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। श्री साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार में ग्राम मड़ेली पहुंचे थे, जहां सभा में मैंने मुख्यमंत्री जी से मांगा कि राजिम से छुरा मार्ग अत्यंत सकरा है, जो अत्यधिक जर्जर हो गया है, इसे चौड़ीकरण करने की जरूरत है। इसके लिए 145 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। राजिम से बिजली छुरा जाती है, जिससे राजिम अंचल में बिजली की समस्या हो रही है। ग्राम मड़ेली में 132 केवी सबस्टेशन की घोषणा किए। पीपरछड़ी बांध हेतु  85 करोड़ रुपए की घोषणा किए हैं। राजिम के विकास में कोई कमी नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि जितना पांच साल में काम नहीं हुआ है। उससे ज्यादा का काम सवा साल में हुआ है। प्रमुख अतिथि कसडोल विधायक संदीप साहू ने कहा कि राजिम साहू समाज की राजधानी है। जहां पर हम सभी की आस्था माता राजिम विराजमान हैं। समाज के संगठन के कारण ही रोहित साहू और मैं विधायक हैं। साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष टहलराम साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि राजिम विधायक रोहित साहू ने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा दिया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से साहू सहित सर्व समाज की आराध्य देवी माता राजिम की गौरव अनुरुप विशाल कांस्य प्रतिमा स्थापित कराने 05 करोड़ रुपए स्वीकृत कराकर।अभी तक किसी विधायक ने राजिम माता के  विशाल प्रतिमा स्थापित कराने नहीं सोचे। रोहित जी किसी पद में रहे या ना रहे, लेकिन माता की विशाल प्रतिमा लोगों को हमेशा याद दिलाते रहेगा। माता के हम सभी भक्त है,उपासक हैं। इनके विधायकी कार्यकाल में जब  07 जनवरी को माता राजिम की जयंती मनाने कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में भरपूर सहयोग हमारे विधायक माता और समाज के प्रति दृढ़ता और आस्था को दर्शाता है। इन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में हमारे समाज से जिस दिन 20 विधायक जीतकर आएंगे, तो समाज के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता। और मैं ऐसी सोच लेकर समाज में काम कर रहा हूं। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि माता राजिम केवल साहू समाज की आराध्य देवी नहीं है,अपितु सर्व समाज की आराध्य हैं। समाज को ऐसा प्रचारित करना चाहिए। राजिम माता के नाम से इस प्राचीन नगरी का नाम पड़ा। जिसके नाम से आज चौक का लोकार्पण हो रहा है, यह हम सभी और क्षेत्रवासियों के लिये बड़े ही गौरव की बात है। कार्यक्रम का संचालन राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने किया। राजिम माता समिति की ओर से सभी अतिथियों को गमछा भेंट कर सम्मान किया गया।

 

इस अवसर पर प्रदेश साहू संघ के उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चन्द्रशेखर साहू, सरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हरीश साहू, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रामकुमार साहू, ईश्वरी साहू, पार्षद आकाश राजपूत, तुषार कदम, नरोत्तम ठाकुर, अजय पटेल, ओंकार साहू, रामकुमार साहू, तरूण, अमृत साहू, रविशंकर, डॉक्टर आलोक, नूतन साहू, भोले साहू, राजू साहू, रामू राम साहू, नारायण साहू, महेत्रु साहू, बंधु साहू, यांशु साहू, प्रियांशु साहू मौजूद थे।

खुशबू साहू, चित्ररेखा साहू, देवेन्द्र साहू, मंजूलता, मोनिका सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट