गरियाबंद

गरियाबंद में खिला कमल, भाजपा के रिखीराम यादव बने अध्यक्ष, वार्डों में भी दबदबा
16-Feb-2025 6:46 PM
गरियाबंद में खिला कमल, भाजपा के रिखीराम यादव बने अध्यक्ष, वार्डों में भी दबदबा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 16 फरवरी। गरियाबंद पालिका में कमल खिला। भाजपा के रिखीराम यादव अध्यक्ष बने।  वार्ड पार्षदों में भाजपा का दबदबा रहा।

गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 8309 मतदाताओं में से 6793 ने मतदान किया। भाजपा प्रत्याशी रिखीराम यादव को 3422 मत , कांग्रेस प्रत्याशी गेंदालाल सिन्हा को 3258 मिले। भाजपा प्रत्याशी रिखी राम यादव 164 वोट से विजय रहे।  गरियाबंद के 15 वार्डों में से 9 वार्डों में भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है और सिर्फ दो वार्डों में ही कांग्रेस एवं तीन पार्षद निर्दलीय निर्वाचित हुए।

शनिवार को सुबह 9 बजे से गांधी मैदान स्थित मंगल भवन में मतगणना आरंभ हुई, जो लगभग 12 बजे तक दोनों पार्टियों की स्थिति स्पष्ट हो चुकी थी। अध्यक्ष घोषणा होते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारों लगाते आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई बांट कर जीत की खुशी मनाई। नव निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष व पार्षदों सहित आतिशबाजी ढोल-नगाड़ों के साथ  नगर भ्रमण कर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

नगरपालिका गरियाबंद में भाजपा अध्यक्ष सहित पार्षदों का दबदबा रहा। वार्ड  1 से संदीप सरकार कांग्रेस , वार्ड 2- निरंजन प्रधान निर्दलीर्य, 3 में रेणुका साहू भाजपा, 4 में गीता जगत निर्दलीय, वार्ड 5  -विष्णु मरकाम भाजपा, 6 में छगन यादव कांग्रेस, वार्ड 7 - पार्वती ध्रुव कांग्रेस, वार्ड 8 -खेम सिंह बघेल भाजपा, वार्ड 9  मधु देवांगन भाजपा, वार्ड 10 सुरेन्द्र सोनटेके भाजपा, वार्ड 11 आसिफ मेमन भाजपा, वार्ड 12 में पुरषोत्तम यादव निर्दलीय, वार्ड 13 बिन्दु सिन्हा भाजपा, वार्ड 14  पुष्पा साहू भाजपा, वार्ड 15 में सूरज सिन्हा भाजपा विजयी रहे।

वहीं जिले के अन्य नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों में जिसमें राजिम से भाजपा महेश यादव, छुरा से भाजपा के लोकेश्वरी निषाद, कोपरा से भाजपा  रूपनारायण साहू, देवभोग से कांग्रेस प्रत्याशी राजेश साहू,  फिंगेश्वर नगर पंचायत से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सूर्यवंशी विजयी हुए। नगरीय निकाय चुनाव में गरियाबंद जिले में भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशियों का दबदबा रहा। शांति पूर्ण मतगणना सम्पन्न हुई।


अन्य पोस्ट