गरियाबंद

अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल का उमंग शापिंग एग्जीबिशन
17-Jan-2025 2:07 PM
अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल का उमंग शापिंग एग्जीबिशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 17 जनवरी। नगर की सामाजिक व सेवाभावी संस्था अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल के तत्वावधान में स्थानीय श्री राधा कृष्ण मंदिर के वृंदावन कुंज के विशाल हाल में उमंग शॉपिंग एग्जीबिशन का अनूठा आयोजन किया गया। एग्जीबिशन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना व नारी सशक्तिकरण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना है। इस आयोजन से होने वाली आय को संकल्प सेवा संस्थान व चंपेश्वर आशियाना चंपारण जो की दिव्यांग जनों की संस्था है उनके बच्चों की लिखाई पढ़ाई व उनकी आर्थिक मदद करना तथा शासकीय कन्या पशाला में अध्यनरत जरूरतमंद निर्धन छात्राओं की स्कूल फीस जमा करना, छात्राओं की पढ़ाई में मदद करना है। ताकि उन निर्धन छात्राओं की पढ़ाई में कोई रुकावट ना आ सके। शॉपिंग एग्जीबिशन में अधिकांशत: स्टाल्स उन महिलाओं के लगे जो आज देश की प्रगति व व्यापार में बढ़ चढक़र हिस्सा ले रही हैं। उमंग 2024 के इस विशाल आयोजन में कपड़े, गहने व अन्य श्रृंगार से संबंधित सामानो के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजन के स्टाल लगे हुए थे। बालिकाओं की शिक्षा इस एजुकेशन का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहा है इससे प्राप्त राशि का सदुपयोग स्थानीय कन्या शाला की निर्धन छात्राओं की पढ़ाई के लिए किया जाएगा। अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल शॉपिंग एग्जिबिशन का आयोजन बड़े ही उमंग व उत्साह के साथ संपन्न हुआ। अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल की अध्यक्ष और सभी सदस्यों व कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और निष्ठा पूर्ण कार्य को श्रेय देते हुए एग्जीबिशन में आए हुए सभी महिलाओं का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।


अन्य पोस्ट