गरियाबंद

71 लाख से होगा शीतला तालाब का सौंदर्यीकरण
03-Jan-2025 3:15 PM
71 लाख से होगा शीतला तालाब का सौंदर्यीकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 3 जनवरी। राजिम विधायक रोहित साहू के प्रयासों से राजिम नगर की प्राचीन इष्ट देवी माँ शीतला तालाब का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए राज्य शहरी विकास अभिकरण ने राज्य परिवर्तित योजना मद से 71.01 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक रोहित साहू ने बताया कि लंबे समय से शीतला तालाब के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार की मांग नगरवासियों द्वारा की जा रही थी, जिसके बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से भेंटकर राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था, जिस पर उन्होंने नगरवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए राशि की स्वीकृति प्रदान की है।

विधायक साहू ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार में छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम को एक नया आकार दिया जा रहा हैं। भगवान राजीव लोचन की नगरी राजिम के विकास के लिए हमारी सरकार कृत संकल्पित है। इसके पूर्व ही नगर के पथर्रा वार्ड स्थित शीतला तालाब के सौंदर्यीकरण हेतु स्वीकृति मिली थी और अब राजिम नगर स्थित शीतला तालाब के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए राज्य शासन की ओर से राशि स्वीकृति हुई है। इसके लिए नगरवासियों ने विधायक साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है।

ज्ञात हो कि पिछले ही दिनों विधायक रोहित साहू की मांग पर विधानसभा में ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बस स्टैंड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की बड़ी घोषणा भी की थी और अब एक के बाद एक नए विकास कार्यों की स्वीकृति उनके कार्यकाल में मिल रही है जिनका प्रत्यक्ष लाभ राजिम की जनता को मिलेगी। इस विकास कार्य की स्वीकृति मिलने पर विधायक रोहित साहू ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है, एवं नगर की जनता की ओर से नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सोनकर ने भी विधायक रोहित साहू व उपमुख्यमंत्री अरुण साव का धन्यवाद ज्ञापित किया।


अन्य पोस्ट