गरियाबंद

पिछले एक साल से विष्णु सरकार का दुशासन चल रहा है-ठाकुर
19-Dec-2024 4:08 PM
पिछले एक साल से विष्णु सरकार का दुशासन चल रहा है-ठाकुर

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 19 दिसंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश की भाजपा सरकार की एक साल की विफलता को लेकर अभनपुर जनपद के पूर्व सभापति टिकेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पिछले एक साल से विष्णु सरकार का दुशासन चल रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि युवाओं को मिलने वाला बेरोजगारी भत्ता बंद हो गया। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी। प्रदेश में मॉब लिंचिंग शुरू हो गई। दिन हो या रात राजधानी में गोली चल रही है। महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो गयी, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार की घटनायें, लूट अपराध, डकैती चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ गयी। प्रदेश के किसानों को ठगा जा रहा है। सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदने की बात कहते हुए 3100 रुपए समर्थन मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन किसानों को एक मुश्त राशि नहीं मिल रही है, जिस कारण किसान अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं।

शराब बंदी को लेकर आवाज बुलंद करने वाली भाजपा के लोग आज चुप्पी साधे हुई है। वहीं महिलाओं को 1000 प्रतिमाह देकर उन्हें भी शांत कर दिया है। आज नशे के कारण अनेक दुर्घटनाएं हो रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमने बनाया है हम ही संवारेंगे का कार्य नहीं बल्कि हमने बनाया है हम ही बिगाड़ेंगे का नारा यह भाजपा सरकार बुलंद कर रही है।


अन्य पोस्ट