गरियाबंद

नगर को मिली 2.89 करोड़ विकास कार्यों की स्वीकृति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद-राजिम, 21 अक्टूबर। अनुसूचित क्षेत्र हो, ग्रामीण क्षेत्र हो या शहर, अधोसंरचना विकास से लेकर जनता की मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति के लिए छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा लगातार विकास कार्यों की सौगात प्रदेशवासियों को दी जा रही है।
इसी कड़ी में राजिम विधासनभा अन्तर्गत जिला मुख्यालय के नगर पालिका गरियाबंद के सौन्दर्यीकरण, अधोसंरचना विकास, सडक़ निर्माण, स्ट्रीट लाइट, पेवर ब्लॉक एवं विभिन्न विकास कार्यों के लिए राजिम विधायक रोहित साहू और नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन के प्रयासों से करोड़ों की सौगात मिली है। नगर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 2 करोड़ 89 लाख 39 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
नगर पालिका परिषद् गरियाबंद के सौन्दर्यीकरण, मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना विकास हेतु राशि मिलने पर विधायक रोहित साहू तथा नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन ने राजिम विधानसभा व गरियाबंद नगर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य और लक्ष्य जनसुविधाओं के विस्तार के साथ ही क्षेत्र का समुचित विकास है।
नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों से आम लोगों के जीवन में खुशहाली आई है। आज गांव से लेकर शहर तक नए नए विकास कार्य देखने को मिल रहा है। प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध होकर काम कर रही हैं।
नगर पालिका परिषद गरियाबंद के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 89 लाख 39 हजार रूपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस स्वीकृति मिलने पर नगर के जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों में हर्ष व्याप्त है।