गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 14 अक्टूबर। रविवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 15 फीट नीचे एप्रोच रोड में गिर गई। बताया जा रहा है कि कार मुख्य मार्ग से नीचे उछलकर पेड़ में टकराई और खेत में पलट गई। इस दौरान खेत में काम करने गई दो महिलाएं कार की चपेट में आ गई। इस हादसे में दोनों महिलाओं समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार गरियांबद-रसेला मार्ग में बारूला पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल के पीछे पेड़ से टकराते हुए खेत में पलट गई। कार सवार डोंगरीगांव के रहने वाले हैं। कार में चालक देवराज ध्रुव फुलकर्रा निवासी और डोंगरीगांव निवासी दो युवतियां सवार होकर फुलकर्रा दशहरा कार्यक्रम देखने जा रहे थे। इस दौरान बारूला पुल के पास यह हादसा हो गया। कार अनियंत्रित होकर पुल से सीधे पेड़ से टकराई और खेत में पलट गई।
इसी बीच खेत में कार कर रही महिलाएं भोजन करने बैठी थी। बताया जा रहा है कि कार पेड़ से टकराने के बाद सीधे महिलाओं पर पलटी है। हादसे में दो महिलाएं व एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना के बाद संजीवनी 108 एंबुलेंस पहुंची, जिसमें घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जिसमें दोनों महिलाओं को गंभीर देखते हुए रायपुर भेजा गया है। वहीं युवती का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। मामले में पुलिस कार चालक को गिरफ्तार कर जांच में जुटी है।