गरियाबंद

नेशनल हाईवे निर्माण कार्य बंद, विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी
19-Sep-2024 9:54 PM
नेशनल हाईवे निर्माण कार्य बंद, विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद/मैनपुर, 19 सितंबर। नेशनल हाईवे 130- सी मुख्यमार्ग गरियाबंद देवभोग में लम्बे समय से निर्माण कार्य बंद हो जाने से आने जाने वाले वाहनों और राहगीरों भारी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है। दो पहिया वाहन चालक दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं, लेकिन इसके निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने न तो जिला प्रशासन ध्यान दे रही है, और न ही सरकार जिसके चलते क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नेशनल हाईवे सडक़ निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जाए नहीं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

उक्त बातें बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव ने बुधवार को मैनपुर लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

श्री ध्रुव ने कहा, बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 130 सी लोगों के आवगमन का मुख्य साधन है जो राजधानी रायपुर से देवभोग एवं ओडिशा राज्य को आपस में जोड़ती है वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग में निर्माण कार्य हो रहा था, जिसे विगत कई माह से ठेकेदार द्वारा बंद कर दिया गया है। गोहरापदर मदांगमुड़ा से लेकर देवभोग खुटगांव ओडिशा सीमा तक निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है, और सडक़ निर्माण में चिकनी मिट्टी डाल दिया गया है, जो बारिश में कीचड़ से भरा है, जहां दो पहिया वाहन चालक आए दिनों दुर्घटना के शिकार हो रहे है आम जनता में भारी आक्रोश है।

विधायक ने कहा 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो मैं स्वयं सडक़ निर्माण कार्य को प्रारंभ करवाने को लेकर आन्दोलन करूंगा। इस मौके पर प्रमुख रूप से आदिवासी कांग्रेस के गरियाबंद जिला अध्यक्ष खेदू नेगी, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री गेंदु यादव, संगठन मंत्री निहाल नेताम, युवा कांग्रेस नेता तनवीर राजपुत,पूर्व जिला पंचायत सदस्य सियाराम ठाकुर,कांग्रेस महामंत्री रामसिंह नागेश आदि उपस्थित थे।

भाजपा के चहेते पार्षदों को ढाई करोड़ मिले हैं-नपा उपाध्यक्ष

महासमुंद,19 सितंबर। नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकार ने जारी बयान में आरोप लगाते कहा है कि उप मुख्यमंत्री भाजपा के चहेते पार्षदों को चिन्हांकित कर दो करोड़ सड़सठ लाख रुपए विकास कार्य के रूप में दिए हैं। नगर के मात्र आठ वार्डों के लिए राशि जारी की गई है, जबकि 22 वार्डों के लिए एक भी रुपए जारी नहीं की गई है। विडंबना यह है कि नगरीय प्रशासन मंत्री के द्वारा कुछ भाजपा पार्षदों के वार्डों के लिए एक रुपए भी जारी नहीं किया गया है।

नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने महासमुंद नगर के विकास कार्य के लिए जो राशि जारी की है,उसमें भेदभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उप मुख्यमंत्री को नगर के विकास से कोई सरोकार नहीं है। इस प्रकार की भेदभाव पूर्ण नीति का शिकार केवल कांग्रेस पार्षद ही नहीं वरन भाजपा के कुछ पार्षदों के वार्ड भी शामिल हंै।

श्री चंद्राकार ने कहा कि नगर की जनता हर सरकार से विकास की कामना करती है। जन प्रतिनिधि चाहे कोई भी हो सरकार को दलगत राजनीति से उठकर जनता के हित में कार्य करना चाहिए।


अन्य पोस्ट