गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-अभनपुर, 19 सितंबर। अभनपुर क्षेत्र में बीती रात भीषण सडक़ हादसा हुआ है। दरअसल, तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज हेतु अभनपुर अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार अभनपुर क्षेत्र के कठिया मोड़ के पास मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। बोलेरो में चालक समेत 6 लोग सवार थे। सभी गंभीर रुप से घायल हो गये। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद डायल-112 की पुलिस टीम और संजीवनी 108 मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अभनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि बोलेरो राजिम की ओर से अभनपुर जा रही थी। इस दौरान कठिया मोड़ के पहले चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई। घटना में 2 युवतियों को भी चोट लगी है। वहीं 2 व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट लगने से लहूलुहान हो गया है। अभनपुर पुलिस का कहना है कि सडक़ हादसे की जानकारी मिली है। वहीं मामले में अभी तक किसी भी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज नही कराई है।