गरियाबंद

दंपत्ति ने की ऑनलाइन ठगी, गिरफ्तार
19-Sep-2024 4:27 PM
दंपत्ति ने की ऑनलाइन ठगी, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 19 सितंबर। गोबरा नवापारा के एक दंपत्ति को ऑनलाइन ठगी करने पर गिरफ्तार किया गया है। पति-पत्नी ने रायपुर के दो दुकानों से कपड़े की खरीददारी की और फोन पे से पेमेंट करने का झांसा देकर चले गए। व्यापारी को पेमेंट न मिलने की जानकारी हुई, तो इसकी शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा के बगदेही पारा निवासी लोकेश बंजारे और प्रिया पांडे को सिविल लाइन पुलिस ने दो कपड़ा व्यापारियों से 14 हजार रुपए की ठगी करने पर गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दंपत्ति ने रायपुर के शंकर नगर और शांति नगर की दो दुकानें से कपड़ा खरीदा। जहां दोनों ने अपने लिए 6400 और 7300 रुपए के कपड़े खरीदे। आरोपियों ने ऑनलाइन पेमेंट के लिए स्कैनर मांगा। स्कैन करने का ढोंग भी रचा। फिर पेमेंट का फर्जी मैसेज दिखाकर चले गए।

पति-पत्नी के जाने के बाद दोनों दुकानदारों ने खाते की जांच की तो पता चला कि उनके खाते में पेमेंट तो आया ही नहीं। इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई। पुलिस पति-पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में जुट गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों को पकड़ लिया है।


अन्य पोस्ट