गरियाबंद

गाजे-बाजे के साथ स्थापित किए गणेश प्रतिमाएं
09-Sep-2024 2:52 PM
गाजे-बाजे के साथ स्थापित किए गणेश प्रतिमाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 9 सितंबर। गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ 10 दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ हो गया है। गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों के बीच शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना व आरती कर लोगों ने भगवान गणेश को घरों और पंडालों में विराजमान किया। गणपति को मोदक व बूंदी के लड्डुओं का भोग लगाकर सुख-समृद्धि व जन कल्याण के लिए प्रार्थना की। अधिकांश घरों व झांकी पंडालों में लोगों ने ईको फ्रेंडली गणेश जी की स्थापना कर पर्यावरण के प्रति अपने प्रेम का भी इजहार किया। 10 दिनों तक अंचल सहित पूरे देश में गणपति का यह उल्लास बना रहेगा।

नवापारा राजिम नगर सहित अंचल में सुबह से ही उत्सवी माहौल नजर आया, गली-गली ढोल नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा मोरिया, मंगलमूर्ति मोरिया के जयघोष गूंज रहे थे। घरों में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ विघ्नहर्ता भगवान गणेश की स्थापना हुई। गणेश उत्सव के चलते पूरे शहर में आकर्षक विद्युत साज-सजा की गई है। जगह-जगह झिलमिल झांकियां सजाकर गणेशजी की स्थापना की गई है।

सुबह से ही शहर में गणेशजी की स्थापना की तैयारियां शुरू हो गई थीं। झांकी स्थलों पर रौनक थी, वहीं घरों में भी लोग स्थापना की तैयारियों में जुटे हुए थे। शुभ मुहूर्त में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की स्थापना की गई, इसके बाद गुड़ के मोदक, लड्डुओं का भोग लगाकर आरती की गई। गणेश स्थापना का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

सुबह से ही मूर्तिकारों के पंडालों और नगर में जगह-जगह लगे मूर्तिकारों की दुकान पर लोगों की भीड़ थी। पंडालों के बाहर ढोल नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे गूंज रहे थे। गणेश की प्रतिमाओं को उत्सव समितियों के सदस्य गाजे बाजे के साथ लेकर पहुंच रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रालियों में एक ओर सार्वजनिक स्थानों की बड़ी प्रतिमाएं थी, तो दूसरी ओर स्कूटर, बाइक, कार में श्रद्धालु छोटी प्रतिमाएं लेकर घर पहुंच रहे थे। अंचल में यह नजारा जगह-जगह दिखाई दिया। अनेक स्थानों पर मूर्तिकारों ने गणेश प्रतिमाओं के लिए स्टॉल लगा रखे थे।


अन्य पोस्ट