गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 8 सितंबर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बने लगभग नौ महीने पूर्ण होने को आया है मौजूदा भाजपा सरकार ने विकास कार्य के नाम पर कोई राशि जारी नहीं किया है,जिससे नगर पंचायत का विकास थम सा गया है उक्त बाते महिला ब्लाक कांग्रेस शहर अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 6 पार्षद सुनीता श्रीवास ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही आगे श्रीमती श्रीवास ने कहा कि इसके पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा नगरों के विकास हेतु प्रत्येक नगर पंचायत को अधो संरचना मद अंतर्गत तीन-तीन करोड़ रुपए की घोषणा किया गया था। जिसके परिपालन में फिंगेश्वर नगर पंचायत को विगत दो वर्षों में कांग्रेस सरकार की मंशा अनुरूप लगभग 6 करोड रुपए विकास कार्य कराने तथा लोगों की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हेतु दिया गया था उसी कार्यकाल में फिंगेश्वर नगर का जनापेक्षित विकास द्रुतगति से हुआ कांग्रेस सरकार से प्राप्त राशि से फिंगेश्वर पंचायत में दो तालाब शीतला तालाब (लालपुर गोकुल नगर वार्ड) तथा गरीब नाथ तालाब में के सौंदर्यीकरण का कार्य हुआ है। इसी तरह फिंगेश्वर नगर के प्रमुख मार्गो में विद्युत पोल लगाकर चकाचौंध लाइटिंग की व्यवस्था किया गया है साथ ही नाली, सीसी रोड, एवं पेयजल की समस्याओं का समाधान व्यापक रूप से स्थाई तौर पर किया गया है। फिंगेश्वर नगर में कांग्रेस शासन काल में विकास हेतु दी गई राशि से वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण तथा स्टेडियम का विस्तार सहित अन्य विकास कार्य भी कराएं गए, परंतु जब से भाजपा की सरकार आई है तब से नगर पंचायत फिंगेश्वर में विकास कार्यों के लिए कोई आबंटन /राशि प्राप्त नहीं हुई है और न ही विकास कार्य के नाम पर आज पर्यंत एक ईंट भी नहीं रखा गया है,और तो और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा स्वीकृत अप्रारम्भ कार्यो को निस्तार किया जा रहा है। पूर्व सरकार द्वारा आवंटित राशि से जारी विकास /निर्माण कार्यों में ही वर्तमान भाजपा सरकार अपना लेबल लगा कर अपना नाम देने की कोशिश कर रही है।