गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 16 अगस्त। हर घर तिंरँगा अभियान के तहत तिरंगा मेला एवं कॉन्सटर्स का आयोजन, स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, संगीत के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से प्रतिभागियों ने लोगों का मन मोह लिया, प्रतिभागियों को कलेक्टर ने प्रतिभागी बच्चों को किया सम्मानित।
लोगों में देशभक्ति का जज्बा जगाने देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इसी तारतम्य में 14 अगस्त को वन विभाग ऑक्शन हॉल में तिरंगा मेला एवं तिरंगा कॉन्सर्टस का आयोजन किया गया। जहाँ स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, संगीत नृत्य के माध्यम से लोगों का मन मोह लिया कार्यक्रम में कलेक्टर दीपक अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ रीता यादव भी शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों को कार्यक्रम पश्चात प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामन भी की।
इस अवसर पर कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र का प्रतीक है, हर घर में तिरंगा फहराने के उद्देश्य से 15 अगस्त तक पूरे देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। इसके तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर लोगों को अपने घरा में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपने घरों में तिरंगा फहराए जिससे राष्ट्र भावना विकसित होगी। साथ ही सभी लोगों में देशभक्ति एवं राष्ट्र एकता की भावना जगेगी। कलेक्टर ने देश की उन्नति एवं देशभक्ति की भावना के लिए सभी से तिरंगा लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की छात्रा रूखमणी कमार ने देश भक्ति गीत वो देश मेरे गाकर देशभक्ति भावना का संचार किया। इसी प्रकार ललिता मरकाम एवं साथी ने देश भक्ति गीत गाया। सोहद्रा ने ऐ वतन देशभक्ति गीत पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। कॉलेज छात्रा उर्वशी ने सुरीली आवाज में ऐ मेरे प्यारे वतन गीत गाकर सभी दर्शकों को गुनगुनाने पर मजबूर किया। इसी प्रकार अंजली व साथी ने छत्तीसगढ़ी पारम्परिक लोकगीत पर ग्रुप डांस प्रस्तुत कर लोगों की खूब ताली बटोरी। बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, संगीत की शानदार प्रस्तुति पर कलेक्टर सहित सभी लोगों ने बच्चों की खूब प्रशंसा की।