गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 नवंबर। दीपावली व गोवर्धन पूजा के बाद बुधवार को भाई दूज उत्साह के साथ मनाया गया। हर साल भाई दूज का पर्व कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। साथ ही इस दिन मातर उत्सव का आयोजन भी किया गया। ठेठवार समाज के लोगों ने अपने स्वजातीय बंधुओं के घर जाकर दोहा पढ़ते हुए हाथ में डंडा लेकर राउत नाचा किया। इसी के साथ दीपावली पर्व का समापन हो गया। इस बार दीपावली 6 दिनों तक मनाया गया।
बता दें कि इस बार कार्तिक मास की शुक्ल द्वितीया तिथि 14 नवंबर की दोपहर 02.36 बजे से प्रारंभ होकर 15 नवंबर दोपहर 01.47 बजे खत्म हुई। ऐसे में उदया तिथि के कारण भाई-दूज पर्व 15 नवंबर यानी बुधवार को मनाया गया। भाई दूज के दिन बहनों ने अपने भाईयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी आरती की व लंबी आयु की कामना की। वहीं ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बुधवार को ही मातर उत्सव मनाया गया। ठेठवार समाज के लोगों ने अपने आराध्य भगवान की पूजा-अर्चना करते हुए राउत नाचा किया। साथ ही साहड़ा देव की पूजा भी की गई। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी धनेन्द्र साहू साहड़ा देव की पूजा अर्चना कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर रामा यादव, निर्माण यादव, कामता यादव, श्याम लाल यादव सहित बड़ी संख्या में नगर वासी मौजूद थे।