गरियाबंद

हजारों कार्यकर्ताओं के साथ विशाल शोभा यात्रा निकाल अमितेश व जनकराम ने भरा अपना नामांकन
31-Oct-2023 3:48 PM
हजारों कार्यकर्ताओं के साथ विशाल शोभा यात्रा निकाल अमितेश व जनकराम ने भरा अपना नामांकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 31 अक्टूबर।
विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए नामांकन पत्र जमा करने के आखिरी दिन सोमवार को जिले से कांग्रेस पार्टी के दोनो प्रत्याशियों अमितेश शुक्ल और जनकराम ध्रुव ने अपना नामांकन जमा किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ साथ दोनों ही प्रत्याशियों ने जिला मुख्यालय में जमकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। गांधी मैदान से कलेक्ट्रेट तक बाजे गाजे के साथ विशाल रैली निकाली। जहां अमितेश शुक्ल ने राजिम और जनकराम ध्रुव ने बिन्द्रानवागढ़ के लिए नामांकन भरा।

नामांकन के पहले दोनों ही प्रत्याशियों ने गांधी मैदान में आमसभा भी की। जिसमें हाल में भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए पूर्व केन्द्रीय मंत्री नंदकुमार साय भी शामिल हुए। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर, उपाध्यक्ष संजय नेताम, जिलाध्यक्ष भावसिंह साहू सहित जिले के दोनों विधानसभा से हजारो की संख्या में कांग्रेसी मौजुद रहे। इसके पहले गरियाबंद पहुॅचने पर राजिम प्रत्याशी अमितेश शुक्ल और बिन्द्रानवागढ़ प्रत्याशी जनकराम ध्रुव का शहर के तिरंगा चौक में गाजे बाजे, पटाखों और पुष्पमाला के साथ कांग्रेसियों ने गर्मजोशी से स्वागत भी किया। जिसके बाद दोनो आमसभा के लिए बढ़ गए।

भूपेश सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक काम किया-अमितेश
इस दौरान गांधी मैदान मे आयोजित विशाल आमसभा में प्रथम पंचायत मंत्री तथा राजिम प्रत्याशी अमितेश शुक्ल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने किसानों की चिंता की उनके हित में ऐतिहासिक काम किया। अब भूमिहीन किसानों को सात हजार से बढ़ाकर 10 हजार रूपए देने, प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी और किसानो फिर से कर्जा माफ घोषणा की है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा के लोग तरह तरह से धर्म और जाति के नाम पर बरगलाने की कोशिश करेंंगे। अडानी अंबानी का पैंसा भी लगेगा। लेकिन हमें सतर्क और सावधान रहना है। लोगों ने भूपेश बघेल पर भरोसा जताया है उसे बरकरार रखना है।

15 साल का वनवास अब खत्म होगा - जनक राम ध्रुव
सभा में बिंद्रानवागढ़ प्रत्याशी जनक राम ध्रुव ने कहा कि बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा से अब 15 साल का वनवास 15 साल सुखा खत्म करना है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालो से प्रदेश में भय भ्रष्टाचार का आंतक था। इसे मिटा कर भूपेश बघेल ने पांच साल में किसान, मजदूर, महिला, युवा हर वर्ग के लिए विभिन्न कार्य योजना बनाकर छत्तीसगढ़ को देश के सर्वोच्च शिखर में ले गए। आज छत्तीसगढ़ मॉडल चला रहे है।

हमें भाजपा के 15 साल के भ्रष्ट कार्यकाल और भूपेश बघेल के पांच साल के विकास कार्यो को लेकर जनता के बीच जाना है। अब बिन्द्रानवागढ़ की तस्वीर बदलनी है। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष भावसिंह साहू ने किया।
 


अन्य पोस्ट