गरियाबंद

परिवर्तन संकल्प सभा में केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कांग्रेस पर बोला हमला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 28 अक्टूबर। भाजपा की नामांकन रैली में गरियाबंद पहुंची केन्द्रीय राज्य मंत्री व भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला।
जिला मुख्यालय गरियाबंद के गांधी मैदान में आयोजित परिवर्तन संकल्प सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री लेखी ने कहा कि पांच साल तक राज्य की कांग्रेस सरकार ने जनता को लूटने और ठगने का काम किया। अब सरकार को बदलने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि 36 वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस ने अपना एक भी वादा पूरा नही किया। कांग्रेस के सारे वादे खोखले निकले। सबसे ज्यादा इस सरकार ने महिलाओं को ठगा। शराबबंदी, महिला समूह ऋण माफी, महिलाओं के खाते मे पांच रूपए डालने, चार सिलेण्डर देने के झूठे शब्दबाग दिखाए। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने वादे तो पूरे नहीं किए। उल्टा छत्तीसगढ़ के गरीब जनता के पैसों को लूटने का काम किया। पांच साल में कांग्रेस ने कोयला घोटाला, चावल घोटाला, पीएससी घोटाला, शराब घोटाला सहित हर क्षेत्र में घोटाला किया। आज ईडी जब कांग्रेस के घोटालो का पुलिंदा खोल रही तो ये कांग्रेस डरी और बौखलाई हुई हैं, उल्टे सीधे आरोप लगा रही है। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए सवाल किया कि जब कोई गडबड़ी की नही तो डर किस बात का ।
परिवर्तन संकल्प में सभा में मौजूद भारी जनसमुह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने केन्द्र सरकार और राज्य के भाजपा सरकार की 15 वर्षों की योजनाओं का भी बखान किया।
इसके पहले कार्यक्रम को पूर्व मंत्री चन्द्रशेखर साहू, सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व सांसद चन्दूलाल साहू, संभागीय प्रभारी दिलीप जायसवाल, जिला संगठन प्रभारी लक्ष्मी वर्मा, विधानसभा प्रभारी रोहित लाल सिंह, ने भी संबोधित किया। आभार जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश साहू ने व्यक्त किया।
नामांकन रैली निकाली
नामांकन रैली के बहाने भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। खुली जीप में केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी के उपस्थिति में दोनों प्रत्याशियो के साथ भाजपा ने गांधी मैदान से कलेक्टोरेट तक विशाल रैली निकाली। बाजे गाजे के साथ निकली इस रैली में हजारो की संख्या भाजपा कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए।