दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 अप्रैल । सीटू की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 31 मार्च को आहुत की गई एनजेसीएस बैठक में प्रबंधन द्वारा अपने पूर्व के प्रस्ताव पर अड़े रहने के पश्चात उत्पन्न स्थिति को देखते हुए सीटू ने मई के प्रथम सप्ताह में हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
ज्ञात हो कि बैठक में प्रबंधन द्वारा अडिय़ल रवैया अपनाए जाने के कारण बैठक विफल रही एवं सभी यूनियनें भोजन का बहिष्कार कर चले गए। बैठक विफल रहने के पश्चात स्टील वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने तत्काल दिल्ली स्थित सीटू के केंद्रीय कार्यालय में बैठक की एवं निर्णय लिया कि पाँच राज्यों में चल रहे चुनाव को देखते हुए मई माह के प्रथम सप्ताह में हड़ताल किया जाएगा। फेडरेशन ने यह भी तय किया कि इस बीच अन्य कोई यूनियन अगर हड़ताल या किसी भी तरह के संघर्ष का आह्वान करती है तो सीटू पूर्ण समर्थन करेगी।
सभी यूनियनों के साथ बैठकर तय की जाएगी हड़ताल की तारीख
स्टील वर्कर्स फेडरेशन के आह्वान के तत्काल बाद भिलाई में भी हिंदुस्तान स्टील एंप्लाइज यूनियन की कार्यकारिणी ने ऑनलाइन बैठक की एवं निर्णय लिया कि भिलाई में सभी यूनियनों के साथ मिलकर हड़ताल की तिथि तय की जाएगी। यदि इससे पूर्व कोई भी यूनियन हड़ताल करती है तो हिंदुस्तान स्टील एंप्लाइज यूनियन उसका पूर्ण समर्थन करेगी।कोरोना संक्रमण को देखते हुए यूनियन व्यक्तिगत दूरी को बनाए रखते हुए प्रचार के सभी विकल्पों का प्रयोग कर कर्मियों के बीच अपने निम्नलिखित माँगों एवं हड़ताल की आवश्यकता को समझायेगी।