दुर्ग
जांच के लिए 4 हजार से ज्यादा लिए गए सैंपल भिलाई से मिले पौने छ: सौ
भिलाई नगर, 1 अप्रैल। जिला दुर्ग से 31 मार्च को सर्वाधिक 1 हजार 199 कोरोना से संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि सात लोगों की मौत भी हुई है। इसके अलावा 31 को ही सबसे ज्यादा 4 हजार 400 सैंपल भी लिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक संक्रमित मरीजों की पहचान की जा सके।
जिला कोविड-19 अस्पताल के प्रभारी डॉ. अनिल शुक्ला ने बताया कि 31 मार्च को जिले में रिकॉर्ड 1 हजार 199 संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 574 भिलाई से, दुर्ग से 316 एवं रिसाली ब्लॉक से 79 मिले हैं। शेष मरीज पाटन, निकुम, धमधा एवं भिलाई चरोदा ब्लॉक से मिले हैं। जिन मरीजों की मौत हुई है, उसमें चार महिलाएं एवं तीन पुरुष शामिल हैं। दुर्ग की 63 वर्षीय महिला एवं वार्ड 28 भिलाई निगम की 40 वर्षीय महिला की मौत एम्स अस्पताल रायपुर में हुई है।
भिलाई के ही वार्ड 24 संतोषी पारा कैंप दो निवासी 48 वर्षीय महिला की मौत आईएमआई अस्पताल दुर्ग में हुई है। ग्राम गनियारी रसमड़ा निवासी 60 वर्षीय महिला की मौत भी दुर्ग अस्पताल में हुई है, जबकि 62 वर्षीय चरोदा निवासी एवं एलआईसी कॉलोनी सेक्टर 6 निवासी 59 वर्षीय पुरुष की मौत रायपुर के नारायणा अस्पताल में हुई है। 51 वर्षीय बजरंग मंदिर दुर्ग के समीप निवासी पुरुष की मौत एम्स अस्पताल रायपुर में हुई है।