दुर्ग

मांस मटन की दुकानों के खिलाफ अनोखा विरोध
11-Mar-2021 4:48 PM
 मांस मटन की दुकानों के खिलाफ अनोखा विरोध

दुर्ग, 11 मार्च। केलाबाड़ी के मुख्य मार्ग पर मांस-मटन की दुकानों में लगातार वृद्धि हो रही है। जिसकी गंदगी व बदबू से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है, जिसके खिलाफ केलाबाड़ी व्यापारी संघ द्वारा नगर निगम में नए अंदाज में विरोध दर्ज करवाया गया।
विरोध के तहत व्यापारी संघ के सदस्य नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने यहां आयुक्त हरेश मंडावी की अनुपस्थिति में निगम के अफसरों को मिठाई खिलाकर केलाबाड़ी में लगातार मांस-मटन की दुकानें खुलने पर बधाई दी और कहा कि अधिकारियों के होते  केलाबाड़ी में मांस-मटन का व्यवसाय फल फूल रहा है। व्यापारी संघ ने अधिकारियों की दरियादिली के लिए जल्द ही उनका सम्मान करने की बात भी कही है। 

नगर निगम के खिलाफ यह अनोखा विरोध केलाबाड़ी व्यापारी संघ के संयोजक संजय सिंह व अध्यक्ष छत्रसाल गायकवाड़ के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान संघ के गणेश राव, आसिफ अंसारी, बंशीलाल देवांगन, रुपचंद निषाद, चतुर सिंह, लीला देवांगन, विक्की यादव एवं बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट