दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 मार्च। वैशाली नगर लोकांगन में आज बाबा बर्फानी के पूजन और दर्शन के लिए भक्त बड़ी संख्या में सुबह से पहुंचे। यहां बर्फ से शिवलिंग निर्माण किया गया है। लगभग पांच बर्फ की सिल्लियों से निर्मित शिवलिंग और विशाल नंदी भक्तों की आस्था के केन्द्र बने हुए हैं। यहां शाम को महाभिषेक के साथ भंडारे का आयोजन किया गया।
महाशिवरात्रि समिति के अध्यक्ष कुबेर शर्मा ने बताया कि कोरोना के मद्देनजर जरूरी उपाय किए गए हैं। जरूरी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। वहीं भगवान शिव की आराधना के पर्व महाशिवरात्रि पर आज शिवालयों में श्रद्घालुओं की खासी भीड़ रही। सुबह से पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।
शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सुबह से ही धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हुआ और देर रात तक धार्मिक स्थलों पर लोगों की भीड़ रही। कोरोना संक्रमण को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा प्रमुख मंदिरों, तीर्थ क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।