दुर्ग
प्रवासी पक्षियों के लिए बर्ड टॉवर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 नवंबर। राज्यपाल रमेन डेका दुर्ग जिले के परसदा गांव स्थित विश्वगीता धेनू गोविंद पक्षी सेवाधाम में गोपाष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना कर चारा खिलाया तथा प्रवासी पक्षियों के लिए बनाए गए बर्ड टॉवर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, धरसीवा विधायक अनुज शर्मा, बसना विधायक सम्पत अग्रवाल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल उपस्थित थे।
श्री डेका ने सभी लोगों को गोपाष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के दर्शन का सौभाग्य मिला। साथ ही बर्ड टावर के लोकार्पण का अवसर भी प्राप्त हुआ। यह आयोजन हमें जीवों के प्रति दया, सेवा और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देता है। गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप और गौमाता के प्रति हमारी श्रद्धा का पर्व है। भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। लेकिन गौसेवा केवल पूजा तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बीमार, घायल, वृद्ध और बेसहारा गौवंश की देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि इस धाम में अब तक 285 से अधिक गौमाताओं और नंदी का रेस्क्यू किया गया है और वर्तमान में 227 की देखभाल की जा रही है। उपचार के बाद स्वस्थ हुए गौवंश के पुनर्वास की व्यवस्था भी की जा रही है।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि गौवंश की देखभाल के साथ-साथ पशु-पक्षियों और पर्यावरण के संरक्षण को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। समाज की भागीदारी से ही ऐसे प्रयासों को व्यापक रूप दिया जा सकता है। उन्होंने गौमाता की सेवा करने और आर्गेनिक अनाज, फल, सब्जी को आहार में शामिल करने की अपील की।
गोपाल प्रसाद सुल्तानिया ने गौधाम और गौसेवा की अपनी सोच पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्व गीता गौ आरोग्य धाम के कार्यों को उद्घृत किया।
डॉ. उज्जवल पाटनी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। समापन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, नगर पालिका कुम्हारी की अध्यक्ष मीना वर्मा एवं अन्य पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।