दुर्ग
दुर्ग, 18 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ की संभाग स्तरीय कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी किसान मितान अभियान की तैयारियों, उसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा संगठनात्मक सशक्तिकरण को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में संभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों को अभियान की जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि किसान मितान अभियान किसान मोर्चा का महत्वपूर्ण जनसंपर्क अभियान है, जिसके माध्यम से किसानों के बीच सीधे पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने अभियान की अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही बनती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में किसानों के बीच जाकर संवाद स्थापित करना होगा। साथ ही किसानों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को भी संगठन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों के विकास और आर्थिक समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसकी जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है। बैठक में अभियान को लेकर विभिन्न संभागों और जिलों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी एवं ओमप्रकाश देवांगन, संभाग प्रभारी एवं जिला प्रभारी सहित किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजेश साहू और देवेंद्र ठाकुर, मीडिया प्रभारी वैभव वैष्णव, सह प्रभारी मूलचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता रविन्द्र सिंह एवं इंजी.रवि पांडे, आईटी सेल प्रभारी संदीप साण्डे तथा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेश मीडिया सह प्रभारी मूलचंद शर्मा ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि किसान मितान अभियान के माध्यम से भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करेगा और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोडऩे का कार्य करेगा। बैठक में संगठन विस्तार, किसान संपर्क अभियान, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों एवं किसानों के बीच सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।