दुर्ग

नियमितीकरण की मांग पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
18-Nov-2026 4:47 PM
नियमितीकरण की मांग पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 नवंबर
। नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने तीन दिवसीय ध्यानाकर्षण धरना प्रदर्शन शुरू किया है। मंगलवार को छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले साइंस कॉलेज के सामने फिल्टर प्लांट के समीप नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी समस्याओं को सामने रखा और जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष गीता बाग के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल हुईं। गीता बाग ने कहा कि नियमितीकरण सहित उनकी विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं। कई बार आंदोलन और ज्ञापन देने के बावजूद शासन ने समस्याओं का निराकरण नहीं किया है। इसी कारण संघ चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है।
19 नवंबर को काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया जाएगा। आंदोलन के द्वितीय चरण में 11 एवं 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव आयोजित होगा। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है।
प्रदर्शन में माधुरी ठाकुर, सुनीता शुक्ला, रेवती उमरे, बेरोनिका कोसरे, लक्ष्मी साहू, शाखा गंधर्व, संगीता गौतम, प्रभा कुठारे, मोतीझरी चौहान, किरण शर्मा, संगीता थापा, कीर्ति सेंगर, डी. पुष्पावती, सन्नी साहू सहित अन्य कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।


अन्य पोस्ट