दुर्ग

छठ महापर्व: उगते सूर्य को अघ्र्य
16-Nov-2026 8:20 PM
छठ महापर्व: उगते सूर्य को अघ्र्य

परिवार की खुशहाली व सुख-समृद्धि की कामना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

तिल्दा-नेवरा, 16 नवंबर। नगर में छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बन्नू बाई तालाब घाट में रविवार शाम को व्रतधारियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया, वहीं सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन किया गया।

छठ पूजा के अवसर पर बन्नू बाई तालाब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार को व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की। व्रतियों के साथ-साथ अन्य समाजों के लोगों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पूजा-अर्चना में शामिल होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, पार्षद रानी सौरभ जैन, संतोष यादव, सौरभ जैन, एल्डरमैन सुधा चौबे, पूर्व पार्षद कृष्णा अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने बन्नू बाई तालाब में घाटों की कमी का मुद्दा उठाते हुए घाट निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील की। समाज का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तालाब में पर्याप्त घाटों का निर्माण आवश्यक है। वहीं, पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को मिली। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तालाब परिसर में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहे।

छठ पूजा समिति तिल्दा-नेवरा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम में शामिल होकर पर्व की गरिमा बढ़ाने वाले सभी श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि तिल्दा-नेवरा में छठ पूजा की शुरुआत स्वर्गीय राकेश बिहारी द्वारा की गई थी। उनके द्वारा शुरू की गई इस धार्मिक परंपरा का विस्तार आज इस रूप में हो चुका है कि हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु बन्नू बाई तालाब पहुंचकर छठ महापर्व मनाते हैं।


अन्य पोस्ट