दुर्ग

मन के सकारात्मक संकल्प ही बनते हैं आविष्कार का आधार- प्राची दीदी
16-Nov-2026 6:57 PM
मन के सकारात्मक संकल्प ही बनते हैं आविष्कार का आधार- प्राची दीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 नवंबर।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में बाल दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों के लिए ‘मेरे अंदर का जादू’ स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभाओं, आंतरिक शक्तियों और श्रेष्ठ संस्कारों को प्रोत्साहित करना था।
वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी प्राची दीदी ने कहा कि मन में जो चित्र बनते हैं, वे ही बाहरी दुनिया में आविष्कार के रूप में साकार होते हैं। हमारे संकल्पों में अपार शक्ति है, इसलिए सदैव सकारात्मक एवं रचनात्मक विचार करने चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन अपने गुणों, विशेषताओं और एकाग्रता की शक्ति का संचय करने के लिए ‘आंतरिक शक्तियों का गुल्लक’ बनाने का होमवर्क भी दिया।
भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने कहा कि बच्चे श्रेष्ठ संस्कारों और पवित्रता के प्रतीक हैं। उनके जीवन में जितने अधिक श्रेष्ठ गुण होंगे, उतना ही सुंदर स्वर्णिम भारत और बेहतर विश्व का निर्माण होगा।
 कार्यक्रम में ऑल इंडिया लीनिस क्लब की प्रांतीय अध्यक्ष रश्मि अग्रवाल एवं साहित्यकार शिरोमणि माथुर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के दौर में बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास तथा नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाला यह आयोजन सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।


अन्य पोस्ट