दुर्ग
भूपेश बोले- अशोक चक्र को पैरों में डाला, जवान बर्खास्त, गजेंद्र को मंत्रिमंडल से बाहर करें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 नवंबर। दुर्ग में वर्दी पहने पुलिस कॉन्स्टेबल का स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के पैर छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दीपावली के दौरान मंत्री ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात जवानों को गिफ्ट बांट रहे थे। इसी दौरान एक जवान ने वर्दी पहने हुए ही मंत्री के पैर छू लिए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने सिपाही को नोटिस देकर जवाब मांगा है। इसकी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने और जवान को बर्खास्त करने की मांग की है। वहीं, मंत्री गजेंद्र यादव ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने जवान को पैर छूने से मना किया था। इधर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पुलिस जवान का वर्दी में मंत्री के पैर छूना गलत है। मंत्री ने संविधान की शपथ ली है। ऐसे में सबसे पहले उन्हें मंत्रिमंडल से हटाना चाहिए और पैर छूने वाले पुलिस जवान को भी बर्खास्त करना चाहिए। भूपेश ने आरोप लगाया कि आज ईडी, आईटी, सीबीआई और पुलिस जैसी एजेंसियां सरकार के सामने नतमस्तक हैं। पुलिस की अपनी अलग पहचान है और वर्दी में अशोक चिह्न धारण करने वाले जवान का इस तरह किसी मंत्री के पैर छूना उचित नहीं है।
मंत्री बोले- जवान को पैर छूने से मना किया था
गजेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने जवान से पूछा कि वह पैर क्यों छू रहा है। उसे रोकने के लिएअपना पैर भी पीछे किया।
मंत्री ने इस घटना को दूसरे नजरिए से देखे जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। भूपेश बघेल की ओर से मंत्री को हटाने और जवान को बर्खास्त करने की मांग पर उन्होंने कहा कि यह उनकी सोच और मानसिकता है, इस पर वे कुछ नहीं कह सकते। वही दुर्ग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि सिपाही से स्पष्टीकरण मांगा है। आगे करवाई जा रही है।