दुर्ग

नाबालिग से अपहरण-रेप, 3 नौजवान हिरासत में
11-Nov-2026 4:15 PM
नाबालिग से अपहरण-रेप, 3 नौजवान हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 11 नवंबर। दुर्ग जिले के चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ रेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन संदेही युवकों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो एक्ट की सख्त धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।

पीडि़ता के परिजनों द्वारा घटना की शिकायत दर्ज कराए जाने के तत्काल बाद पुलिस हरकत में आई। मामले की प्राथमिक जांच एवं विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि तीन युवक सुनियोजित तरीके से नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। इस दौरान उनमें से एक युवक ने बालिका के साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित कर रेप किया, जबकि अन्य दो युवक अपहरण और इस कृत्य में सहयोग करने में संलिप्त पाए गए।

नाबालिग के विरुद्ध घटित इस गंभीर अपराध को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपहरण, दुष्कर्म तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और वारदात में शामिल तीनों युवकों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीडि़ता का चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) कराने के साथ-साथ आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से मामले के सभी पहलुओं पर सघन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं व बच्चों से जुड़े अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत त्वरित व सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। औपचारिकताएं पूर्ण होते ही आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।


अन्य पोस्ट