दुर्ग

बाउंड ओवर उल्लंघन पर समोदा सरपंच बंदी
06-Nov-2026 10:48 PM
बाउंड ओवर उल्लंघन पर समोदा सरपंच बंदी

छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की पहली कार्रवाई

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 6 नवंबर।
पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम को बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने और सोशल मीडिया पर प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, बाउंड ओवर के उल्लंघन पर जेल भेजने की यह छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की पहली वैधानिक कार्रवाई है।

व्हाट्सएप स्टेटस पर की थी आपत्तिजनक पोस्ट
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने अरुण गौतम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में अमर्यादित और आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी।

शिकायत और अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) दुर्ग से प्राप्त ज्ञापन के आधार पर पुलगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296 बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पूर्व में कराया गया था बाउंड ओवर
उल्लेखनीय है कि आरोपी अरुण गौतम के खिलाफ पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर (शांति बनाए रखने का बंधपत्र) कराया गया था। इसके बावजूद पुन: इस प्रकार की गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। साथ ही बाउंड ओवर की राशि राजसात/जब्त करने के लिए एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।

सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करें। किसी भी व्यक्ति अथवा शासकीय अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने से बचें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधात्मक आदेशों और बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट