दुर्ग

भिलाई-नेवई में तडक़े सडक़ों पर उतरी दुर्ग पुलिस, 8 लावारिस व संदिग्ध वाहन जब्त
06-Nov-2026 9:49 PM
भिलाई-नेवई में तडक़े सडक़ों पर उतरी दुर्ग पुलिस, 8 लावारिस व संदिग्ध वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 6 नवंबर। दुर्ग जिले में असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने शुक्रवार तडक़े व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के विशेष दिशा-निर्देश पर भिलाई नगर और नेवई अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सुबह 4 बजे से 8 बजे तक एक साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। अचानक हुई इस सघन जांच से असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में हडक़ंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 लावारिस व संदिग्ध वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 47 जवानों ने संभाला मोर्चा

अभियान की कमान सीएसपी भिलाई नगर और सीएसपी नेवई ने संयुक्त रूप से संभाली। उनके साथ संबंधित थानों के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और कुल 47 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में उतरे। चार घंटे चले इस अभियान के तहत संवेदनशील चौराहों, आउटर बस्तियों, प्रमुख मार्गों और संदेहास्पद ठिकानों पर नाकेबंदी कर वाहनों एवं संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई।

नशा, हथियार और पुराने बदमाशों का भौतिक सत्यापन

पुलिस टीमों का मुख्य फोकस अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने पर रहा। चेकिंग के दौरान नशे व हथियारों की जांच, वाहनों की डिक्की और केबिन की तलाशी लेकर मादक पदार्थों, धारदार हथियारों एवं अवैध आग्नेयास्त्रों की धरपकड़ के प्रयास किए गए। पूर्व में आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे बदमाशों और निगरानीशुदा तत्वों के निवास एवं अड्डों पर जाकर उनकी मौजूदा गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। लावारिस हालत में मिले तथा बिना वैध दस्तावेजों व संदिग्ध परिस्थिति में दौड़ रहे कुल 8 वाहनों को मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य विधिक धाराओं के तहत जब्त किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों और बल की रही भूमिका

कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देने में दोनों अनुविभागों के नगर पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों और पेट्रोलिंग स्टाफ का समन्वय उत्कृष्ट रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त करने और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस प्रकार के औचक व रणनीतिक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


अन्य पोस्ट