दुर्ग

40 फीसदी ब्याज वसूलने का आरोप, ब्लैंक चेक हड़पी, मुख्य आरोपी बंदी
03-Nov-2026 6:21 PM
40 फीसदी ब्याज वसूलने का आरोप, ब्लैंक चेक हड़पी, मुख्य आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 3 नवंबर। जरूरतमंदों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना ब्याज वसूलने और ब्लैंक चेक व कोरे स्टाम्प पेपर के दम पर परिवारों को धमकाने वाले गिरोह की मुख्य सरगना को पुलिस ने दबोच लिया है। वैशाली नगर पुलिस ने फरार चल रही मुख्य आरोपी सीमा यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में संलिप्त तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

वैशाली नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पूनम मनोज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आर्थिक तंगी के चलते उसने दिसंबर 2024 में परिचित सीमा यादव से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके एवज में सीमा और उसकी साथी बबली साहू ने 40 प्रतिशत प्रतिमाह की भारी दर से ब्याज थोप दिया।

 सुरक्षा के नाम पर पीडि़ता से इंडियन बैंक के 8 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर भी रखवा लिए गए। पीडि़ता ने प्रति सप्ताह 2,500 रुपये की दर से 29 हफ्तों में 72 हजार 500 रुपये ब्याज चुका दिया, फिर भी आरोपियों का लालच खत्म नहीं हुआ। वे और रकम की मांग करते हुए पीडि़ता, उसकी बेटी और परिवार को जान से मारने तथा घर से बेदखल करने की धमकियां देने लगे।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीडि़ता की सहेली सुमिता ताम्बोली को भी 1 लाख रुपये उधार देकर इसी तरह के जाल में फंसाया। उससे 8 ब्लैंक चेक लेकर 28 हफ्तों में 1 लाख 40 हजार रुपये ब्याज वसूल लिया गया और बाद में गाली-गलौज कर धमकाया जाने लगा।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और कर्ज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पूर्व में दबिश देकर आरोपी बबली साहू उर्फ बबली निरंजन, ज्योति निरंजन और प्रमोद साहू को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं, फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव को भी पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपये कैश, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और अवैध ब्याज के लेन-देन का कच्चा चि_ा दर्ज डायरियां बरामद की हैं।


अन्य पोस्ट