दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 3 नवंबर। सुपेला पुलिस ने कत्लखाने के उद्देश्य से बैल का अवैध परिवहन करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वाहन चालक को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में परिचालक को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार घटना 21 सितंबर की है। प्रिंस कसेर की सूचना के आधार पर नेहरू नगर के पास महिन्द्रा जीतो वाहन सीजी 06 जीजेड 4506 को रोका गया था। वाहन में एक लाल रंग के बैल का मुंह बांधकर उसे छावनी व सुपेला होते हुए नागपुर स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तब वाहन व मवेशी जब्त कर परिचालक त्रिलोक पटेल को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि चालक शरद यादव मौके से फरार हो गया था।
सुपेला पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शरद यादव उर्फ शरद यदु निवासी राजनांदगांव को धर दबोचा और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।