दुर्ग

रिसाली को मिलेगा अपना वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, 134 करोड़ की योजना पर जमीनी काम तेज
29-Nov-2026 8:07 PM
रिसाली को मिलेगा अपना वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, 134 करोड़ की योजना पर जमीनी काम तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 29 नवंबर। नगर निगम रिसाली क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रस्तावित 134 करोड़ रुपये के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा हाल ही में रिसाली के वार्ड-18 में की गई इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने नगर निगम रिसाली, जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक और कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्ययोजना के तहत अलग-अलग कंपोनेंट वार एस्टीमेट तैयार करें और शहर की आगामी 30 वर्षों की बढ़ती आबादी व जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना को मूर्त रूप दें।

प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार रिसाली निगम नेवई-उमरपोटी सीमा पर स्थित डैम से पानी लेकर 30 एमएलडी क्षमता का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करेगा।

 इस प्लांट के लिए स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा 5 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जा रही है। इसके आलावा योजना के तहत 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत 4 ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे और डैम के कैनाल संधारण कार्य के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

गौरतलब है कि वर्तमान में रिसाली निगम भिलाई नगर निगम से प्रतिदिन 11 एमएलडी पानी लेकर अपने क्षेत्र में आपूर्ति करता है। स्वयं का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित होने के बाद क्षेत्र के 26,831 नल कनेक्शनों को निर्बाध और पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा, जिससे भिलाई निगम पर निर्भरता खत्म होगी।


अन्य पोस्ट