दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 नवंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सुखदेव भगत एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दुर्ग आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के तत्वावधान में मालवीय नगर चौक पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का भारी जनसमूह उमड़ा। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने क्रेन मशीन के माध्यम से दोनों वरिष्ठ नेताओं को विशाल पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गैदु सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
सुखदेव भगत ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कांग्रेस पार्टी डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों तथा संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे के सिद्धांतों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। दीपक बैज ने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों और किसानों, मजदूरों, युवाओं एवं आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया।
उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप विकास एवं जनकल्याण के कार्यों पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में देश और प्रदेश का कोई भी वर्ग संतुष्ट नहीं है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।