दुर्ग

सीएम के आश्वासन पर किसानों का भूख हड़ताल खत्म
31-Oct-2026 7:19 PM
सीएम के आश्वासन पर किसानों का भूख हड़ताल खत्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 अक्टूबर। आईडीबीआई बैंक से जुड़े धमधा क्षेत्र के किसानों ने कर्जमाफी और वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 52 दिनों से जारी क्रमिक भूख हड़ताल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आश्वासन के बाद 15 दिनों के लिए स्थगित कर दी है।

 किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समाधान की दिशा में सांसद विजय बघेल और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने भी पहल की।

किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल के नेतृत्व में दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं और आंदोलन की स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर एवं जिला अध्यक्ष रोहित राजपूत भी मौजूद रहे। किसानों की मांगों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराने और किसान हित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही आंदोलन स्थगित करने का आग्रह किया। इस पर किसानों ने सरकार को 15 दिन का समय देने पर सहमति जताई।

इससे पहले सांसद विजय बघेल ने हड़ताल स्थल पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण में सहयोग का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए पहल की। उन्होंने परसबोड़ में ट्रांसफार्मर की समस्या तथा खैरझिटी स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था और भवन निर्माण के लिए जिला खनिज न्यास मद की राशि जारी कराने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

किसान नेता चंदेल ने मुख्यमंत्री, सांसद विजय बघेल और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आंदोलन स्थगित करने का अर्थ मांगों को समाप्त करना नहीं है। सरकार को 15 दिन का समय दिया गया है और इस अवधि में किसानों की प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।


अन्य पोस्ट