दुर्ग
स्टेशन के पास बनेंगे चार पहुंच मार्ग, कई लिफ्ट लगेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अक्टूबर। सघन आबादी के बीच स्थित दुर्ग रेलवे स्टेशन का देश की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक आधुनिकीकरण और पुनर्विकास किया जा रहा है। अभी यहां पहुंचने के लिए आम यात्रियों को ही नहीं, वीआईपी तक को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अब इसका हल निकलने जा रहा है। यहां चार पहुंच मार्ग बनने जा रहे हैं।
आम यात्रियों,डाक सामान कर्मचारियों सबके लिए अलग-अलग पहुंच मार्ग होगा। इसके साथ अब आगे के साथ पीछे भी टिकट काउंटर खुलेगा। उधर पार्किंग की भी व्यवस्था की जा रही है। रेलवे कर्मचारियों के लिए सर्व सुविधायुक्त क्वार्टर्स भी बन रहे हैं। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने मंगलवार को स्टेशन कैंपस पहुंचकर इन पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि दुर्ग रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और आधुनिकीकरण के कार्यों को अप्रैल 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा है कि गुणवत्ता से कहीं कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कई सारी सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ दुर्ग रेलवे स्टेशन की देश में अब एक विकसित रेलवे स्टेशन के रूप में पहचान बनने जा रही है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के कार्यों में पहले कुछ समस्याएं थी, जिसे अब दूर कर लिया गया है और सारे निर्माण कार्य तेज गति से चल रहे हैं।