दुर्ग

धमधा में किसान आंदोलन के बीच 13 भाजपा समर्थकों ने दिया इस्तीफा
28-Oct-2026 9:01 PM
धमधा में किसान आंदोलन के बीच 13 भाजपा समर्थकों  ने दिया इस्तीफा

50 दिनों से जारी भूख हड़ताल के बावजूद मांगें पूरी नहीं होने से नाराजगी

दुर्ग, 28 अक्टूबर। धमधा में किसानों की कर्ज संबंधी समस्याओं और कर्जमाफी की मांग को लेकर पिछले 50 दिनों से जारी भूख हड़ताल के बीच राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। दो दिन पहले 38 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस्तीफे के बाद अब 13 भाजपा समर्थकों ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

इस्तीफा देने वालों में भाजपा मंडल धमधा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष डॉ. हर्ष साहू सहित पार्टी के सक्रिय सदस्य शामिल हैं। डॉ. साहू ने बताया कि इस्तीफे के पत्र मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र ब्रह्मभट्ट को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए हैं। इस्तीफा देने वालों ने किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि 50 दिनों से आंदोलन जारी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सांसद के आश्वासन के 15 दिन बाद भी समस्याएं जस की तस हैं। पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने भी किसानों को सहयोग देने का भरोसा दिलाया था।

इस्तीफा देने वालों में डॉ. हर्ष साहू, तेजराम साहू, कमलेश जंघेल, भरत गिरी गोस्वामी, दुवासू साहू, नेतूराम साहू, भानुप्रताप साहू, लीलाराम, चेतन देवांगन, अनिल कुमार, दूजलाल, सावंत साहू और खेमगिरि गोस्वामी शामिल हैं।

किसान नेता बाबा टेकसिंह चंदेल ने कहा कि किसान अब किसी राजनीतिक दल का बंधुआ नहीं है, बल्कि अपनी समस्याओं के लिए आवाज उठाना जानता है। भाजपा समर्थकों के इस्तीफे के बाद अब किसानों की मांगों पर होने वाली कार्रवाई और संगठन की प्रतिक्रिया पर नजर है।


अन्य पोस्ट