दुर्ग
भिलाई नगर, 28 अक्टूबर। ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में ट्रक हटाने की मामूली बात पर तलवार निकालकर जानलेवा हमले का प्रयास करने वाले एक आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 27 अक्टूबर की है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अमरेन्द्र सिंह जब ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में ट्रक हटाने की बात को लेकर आरोपी सचिदानंद सिंह (45 वर्ष) निवासी ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज से उनका विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अचानक तलवार निकालकर प्रार्थी पर हमला करने की कोशिश की।
अमरेन्द्र की शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी सचिदानंद सिंह को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।