दुर्ग

अतिक्रमण व नो-पार्किंग पर चला बुलडोजर, 202 वाहनों पर कार्रवाई और 15 हजार जुर्माना
28-Oct-2026 8:58 PM
अतिक्रमण व नो-पार्किंग पर चला बुलडोजर, 202 वाहनों पर कार्रवाई और 15 हजार जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 28 अक्टूबर। शहर की सडक़ों और प्रमुख बाजारों में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग एवं भिलाई के व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों से अवैध अतिक्रमण हटाया गया और नो-पार्किंग में खड़े कुल 202 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर निगम ने 15,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला।

संयुक्त टीम ने दुर्ग के इंदिरा मार्केट सहित भिलाई के नेहरू नगर चौक से सूर्या मॉल चौक, अवंति बाई चौक तथा सिविक सेंटर मार्केट क्षेत्र में सघन अभियान चलाया।

सडक़ व फुटपाथ पर कब्जा जमाए व्यापारियों और ठेले-खोमचों को हटाकर रास्ता साफ कराया गया। इसके आलावा पावर हाउस मार्केट और रेलवे स्टेशन के सामने भी कार्रवाई करते हुए आवागमन बाधित कर रहे वाहनों व अवैध कब्जों को हटाया गया। पुलिस और निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाजारों में जाम से मुक्ति और नागरिकों की सुविधा के लिए यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने व्यापारियों से फुटपाथ खाली रखने और वाहन चालकों से गाडिय़ां केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करने की अपील की है।

 नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट