दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 अक्टूबर। कबीर आश्रम निर्मल ज्ञान मंदिर, नेहरू नगर, भिलाई में 22 अक्टूबर को बद्रीप्रसाद पारकर लिखित पुस्तक जागरण के अग्रदूत इंदरू केवट विमोचित हुई। बस्तर के गांधी नाम से ख्याति लब्ध व्यक्तित्व इंदरू केवट की इस दिन पुण्यतिथि भी थी ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुंवर सिंग निषाद अध्यक्ष छत्तीसगढ़ निषाद (केवट) समाज प्रांतीय संगठन व विधायक गुंडरदेही थे। अध्यक्षता आनंद निषाद अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ शासन ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. परदेशीराम वर्मा वरिष्ठ साहित्यकार, कहानीकार व कथाकार, डॉ. सुधीर शर्मा, अध्यक्ष भाषा पत्रकारिता, प्रेमादास साहू, ट्रस्टी सचिव निर्मल ज्ञान मंदिर, नेहरू नगर, भिलाई, डॉ. दीनदयाल साहू,वरिष्ठ साहित्यकार पत्रकार रहे। स्वागत भाषण लेखक बद्री प्रसाद पारकर ने दिया।
अतिथियों ने बस्तर के गांधी इंदरू केवट के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को विस्तार से रेखांकित करते कहा कि अभाव में जीवन व्यतीत करने वाले इंदरू केवट ने अपने जीवन काल में देश हित को सर्वोपरि रखा, इस कारण युवाओं की टोली बनाकर अंग्रेजों का सामना डटकर किए।
वे स्वदेशी आंदोलन के समर्थन में विदेशी वस्तु के बहिष्कार कर होली जलाने कांकेर से पैदल रायपुर आए थे। गांधी जी के कंडेल धमतरी आगमन पर इंदरू केवट भी पहुंचे और गांधी जी के विचारों से प्रभावित होकर पूरी तरह अंग्रेजों से मुकाबला करने में आगे बढ़े तो मुड़ कर पीछे नहीं देखे।
आभार व्यक्त मुनीलाल निषाद, समाजसेवी, कार्यक्रम संचालन रजनी नेलसन, शिक्षाविद् ने किया।
इस कार्यक्रम में अंचल के साहित्यकार, समाजसेवी, निषाद समाज के जन प्रतिनिधि, आश्रम के पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित रहे ।