दुर्ग
भिलाई नगर, 24 अक्टूबर। दुर्ग स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से मतपेटियां चोरी करने वाले मुख्य आरोपी और उसे खरीदने वाले कबाड़ी को सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 6 मतपेटियां, वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा और 200 रुपये नगद बरामद किए हैं।
ज्ञात हो कि घटना 18 अक्टूबर की है, जब चुनाव कार्य में तैनात कर्मचारी को चौकीदार ने सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति गोदाम से पेटी उठाकर ले जा रहा है। जांच करने पर गोदाम से 10 मतपेटियां गायब मिलीं, जिनकी कुल कीमत 10 हजार रुपये थी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी के पत्र के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिलपारा निवासी युशु यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने मतपेटियां गया नगर दुर्ग निवासी कबाड़ी देवानंद सोनी (65 वर्ष) को बेची थीं। पुलिस ने कबाड़ी की निशानदेही पर 6 मतपेटियां बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।