दुर्ग
जिपं सदस्य व किसानों ने बिजली कटौती का किया विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 अक्टूबर। अघोषित बिजली कटौती से इन दिनों धमधा क्षेत्र के किसान परेशान हो रहें हैं क्षेत्र में बिजली विभाग लोड सेडिंग के नाम पर पंप लाईन में बिजली कटौती कर रही है। क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू सहित किसानों ने इसे लेकर रोष व्यक्त करते हुए बिजली कटौती का विरोध किया है।
श्री साहू ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा लोड सेडिंग के नाम पर पंप लाईन में अघोषित रूप से शाम 5 बजे से रात 2 बजे तक एवं सुबह 5 बजे से 7 बजे तक बिजली कटौती की जा रही है वहीं मेंटनेस के नाम पर भी समय- समय पर सप्लाई बंद कर देने से पूरे क्षेत्र के किसान त्रस्त है विभाग किसानों के मेहनत में पानी फेर रहा है उनका कहना है। घोषित कटौती शाम 5 से रात 11 बजे तक का ही है अधिक कटौती पर विभागीय अधिकारी मौखिक आदेश व लोड सेडिंग का हवाला देते हैं।
श्री साहू व किसानों का कहना है कि खरीफ़ सीजन के धान फसल को पकने के लिए अंतिम पानी की तत्काल आवश्यकता है, पौधों में बालियां आ रही है जो पकने के कगार पर है अभी पानी नहीं मिलने पर बालियों में दाना नहीं आएगा ऐसे समय में विद्युत कटौती करने से दुकाल जैसी स्थिति निर्मित हो सकती है। इससे किसानों का परिश्रम एवं पैसा दोनों बेकार चला जाएगा।
उन्होंने मांग किया कि अघोषित बिजली कटौती के इस मौखिक आदेश को बिजली विभाग द्वारा तत्काल वापस नहीं लिया गया तो किसानों के भारी विरोध का सामना करना पड़ सकता है।