दुर्ग

कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया मार्ग के उन्नयन से बढ़ेगी आवागमन की सुविधा
23-Oct-2026 7:13 PM
कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया मार्ग के उन्नयन से बढ़ेगी आवागमन की सुविधा

26.60 किमी सडक़ का 24.06 करोड़ की लागत से होगा सुदृढ़ीकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 अक्टूबर। जिले के महत्वपूर्ण कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया मार्ग (राज्य मार्ग क्रमांक-21) का 24 करोड़ 6 लाख 23 हजार रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। कुल 26.60 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के उन्नयन से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जाने वाले इस कार्य में डामरीकरण के साथ आवश्यक संरचनात्मक सुधार किए जाएंगे। सडक़ पर 60 मिलीमीटर डीबीएम और 40 मिलीमीटर बीसी की परत बिछाई जाएगी। इसके अलावा दो मीटर चौड़े साइड शोल्डर का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे सडक़ की मजबूती और टिकाऊपन बढ़ेगा।

यह मार्ग छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच संपर्क के साथ दुर्ग जिले के ग्रामीण क्षेत्रों एवं अहिवारा विधानसभा के गांवों को राजधानी रायपुर से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मध्यप्रदेश के कान्हा-किसली राष्ट्रीय उद्यान की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह उपयोगी संपर्क मार्ग है।

सडक़ के बेहतर होने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को लाभ मिलेगा। कृषि उपज एवं अन्य वस्तुओं के परिवहन में सुविधा के साथ यात्रा के समय और परिवहन लागत में कमी आने की उम्मीद है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता बीएल पिसदा के अनुसार, परियोजना को 24 नवंबर 2025 को प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी, जबकि कार्यादेश 8 सितंबर 2026 को जारी किया गया है।


अन्य पोस्ट