दुर्ग

दुर्ग में 5.89 करोड़ से बनेंगे 6 नए स्कूल भवन
23-Oct-2026 7:11 PM
दुर्ग में 5.89 करोड़ से बनेंगे 6 नए स्कूल भवन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 अक्टूबर। जिले में शासकीय स्कूलों की अधोसंरचना मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 5.89 करोड़ रुपये की लागत से छह नए हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। शासन ने इन कार्यों के लिए कुल 589.17 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। भवनों का निर्माण नवंबर-दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

लोक निर्माण विभाग, दुर्ग संभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाटन विकासखंड के तेलीगुंडरा, धमधा विकासखंड के खिलोराकला और देवरी में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन बनाए जाएंगे। वहीं, दुर्ग विकासखंड के पुलगांव, धमधा विकासखंड के मलपुरीकला और भिलाई के कैंप-02 में हाईस्कूल भवनों का निर्माण होगा।

तीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवनों के लिए प्रत्येक पर 121.16 लाख रुपये, जबकि तीन हाईस्कूल भवनों के लिए प्रत्येक पर 75.23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हायर सेकेंडरी स्कूल भवनों में नौ क्लासरूम, भौतिक एवं रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाएं, प्राचार्य व स्टाफ कक्ष तथा शौचालय बनाए जाएंगे। वहीं, हाईस्कूल भवनों में चार क्लासरूम के साथ आर्ट रूम, कंप्यूटर रूम, प्रयोगशाला, कार्यालय और शौचालय की सुविधा होगी।

इन भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। साथ ही, आगामी शैक्षणिक सत्र में स्कूलों की सुविधाओं का विस्तार होने से पढ़ाई और प्रयोगात्मक गतिविधियों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।


अन्य पोस्ट