दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्र में सडक़ अधोसंरचना को बेहतर बनाने और नागरिकों को जर्जर सडक़ों से राहत दिलाने की दिशा में महापौर अलका बाघमार ने पटरीपार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 एवं 20 में डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया।
इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा लंबे समय से जर्जर और उबड़-खाबड़ सडक़ों से हो रही परेशानी से राहत मिलेगी। वार्ड 17 में राजू पेटर के घर से भास्कर तिवारी के घर तक बी.टी. रिन्यूवल कार्य के लिए 9.58 तथा वार्ड क्रमांक 20 में आदित्य नगर चौक से शिव मंदिर होते हुए आंगनबाड़ी की ओर डामरीकरण कार्य के लिए 9.95 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। महापौर ने विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि शहर के कोने-कोने तक विकास कार्य पहुंचाना और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। पटरीपार क्षेत्र के वार्ड 17 एवं 20 में जर्जर सडक़ों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। डामरीकरण कार्य पूरा होने के बाद सडक़ों की स्थिति बेहतर होगी और आम नागरिकों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सडक़, सुगम आवागमन और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
भूमिपूजन के दौरान वार्ड पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने जर्जर सडक़ों की समस्या से राहत दिलाने के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि इन कार्यों के पूर्ण होने से सडक़ की स्थिति सुधरेगी और दैनिक आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा। कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर,नरेंद्र बंजारे, शेखर चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, सुरूचि उमरे, सावित्री दमाहे, विद्यावती सिंह, एल्डरमेन तेखन सिन्हा, पटरीपार मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, भाजपा प्रवक्ता अरुण सिंह,जितेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिकगण उपस्थित रहे।