दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 अक्टूबर। सेलूद-धरसा मार्ग पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को भयभीत करने वाले एक युवक को उतई पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को उतई पुलिस को सूचना मिली थी कि सेलूद–धरसा रोड पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का अवैध धारदार हथियार बरामद हुआ।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बुधराम जांगड़े ग्राम गोडपेण्ड्री थाना उतई के रूप में हुई। हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज पेश न करने पर पुलिस ने धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।