दुर्ग
दुर्ग, 16 अक्टूबर। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, दुर्ग में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जमानत आवेदन का निराकरण किया गया। वहीं, मुंबई और चेन्नई में मौजूद गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ प्रतिपरीक्षण की कार्यवाही भी पूरी की गई। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ न्यायिक प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिली।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के. विनोद कुजूर के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर के निर्देशन में डिजिटल न्याय और विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत नागरिकों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों को तकनीकी सुविधाओं तथा विधिक सहायता की जानकारी दी जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से न्याय तक पहुंच आसान बनाना और डिजिटल न्याय व्यवस्था के लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है।