दुर्ग
विधायक रिकेश सेन की पहल पर पहुंची पुलिस, बड़ी मात्रा में लोहा मिलने की जानकारी, सीबीआई जांच की मंजूरी के बाद भी चोरी जारी रहने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई, 11 अक्टूबर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से लोहा चोरी का मामला एक बार फिर सामने आया है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को छावनी क्षेत्र में बीएसपी का लोहा काटे जाने की सूचना मिली। इस पर उनकी टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दुर्ग पुलिस ने पांडेय कबाड़ी के गोदाम पर कार्रवाई शुरू की। विधायक ने बताया कि गोदाम में बड़ी मात्रा में लोहा और काटकर अलग किए गए टुकड़े मिले हैं। फिलहाल जब्ती की कार्रवाई जारी है।
विधायक सेन ने इस मामले में सीआईएसएफ के डीआईजी और दुर्ग एसपी से भी चर्चा की है। उनका आरोप है कि बीएसपी से लोहा चोरी का सिलसिला लंबे समय से जारी है। राज्य सरकार की ओर से मामले की सीबीआई जांच को मंजूरी दिए जाने और राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने के बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना गंभीर है। उन्होंने पूरे मामले की गहराई से जांच कर गिरोह का पर्दाफाश करने की मांग की है।
विधायक ने दावा किया कि बीएसपी से चोरी के कारण राष्ट्रीय संपत्ति को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जांच केवल चोरी का माल बरामद करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि लोहा संयंत्र से बाहर कैसे निकाला जाता है, उसे कौन खरीदता है और इस नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका है। उन्होंने पुलिस, सीआईएसएफ और बीएसपी के अधिकारियों-कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की भी जांच की मांग की। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
छावनी स्थित गोदाम से मिले लोहे की मात्रा, उसके स्रोत और बीएसपी से संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। पुलिस की जांच और जब्ती की कार्रवाई से इस मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई के साथ सीबीआई जांच आगे बढऩे पर भी टिकी हैं।